![]()
महोबा में छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पुलिस को चकमा देकर पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने योगी सरकार और यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए पीड़ित परिवार के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे और दोषियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। यह मामला छतरपुर की रहने वाली एक दलित छात्रा के अपहरण और 16 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने से जुड़ा है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, जिससे नाराज कांग्रेस ने अब इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपना लिया है।
पुलिस ने रोकने के लिए की थी घेराबंदी इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय महोबा पहुंचे। उन्हें रोकने के लिए यूपी पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से लेकर महोबा तक कई जगह घेराबंदी की थी। प्रशासन को गुमराह करने के लिए अजय राय का सिजहरी गांव जाने का प्रोटोकॉल भी जारी किया गया था। हालांकि, पुलिस को चकमा देते हुए वे सीधे महोबा मुख्यालय के समदनगर मोहल्ले में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच गए। पीड़िता की जबरन शादी करवाई गई पीड़िता और उसके परिवार की आपबीती सुनने के बाद अजय राय ने पुलिस अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की और योगी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल झूठे वादे किए जा रहे हैं। राय ने आरोप लगाया कि छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर इंजेक्शन दिए गए, प्रताड़ित किया गया और जबरन उसकी शादी कराई गई, लेकिन पुलिस निष्क्रिय रही और अपराधियों को संरक्षण देती रही। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बेटी के साथ अजय राय ने बताया कि पीड़ित छात्रा का सपना एमबीबीएस डॉक्टर बनने का था और 3 मई को उसकी परीक्षा थी, जो इस घटना के कारण बाधित हो गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चले और पीड़ित परिवार को तत्काल 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए। अजय राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पुलिस धमका रही है लेकिन राहुल गांधी के सिपाही डरने वाले नहीं हैं। साल 2027 में कांग्रेस की सरकार आते ही दमनकारी अधिकारियों को चिन्हित कर उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए आखिरी सांस तक खड़ा रहेगा।
Source link
पुलिस को चकमा देकर पीड़िता से मिले अजय राय:कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर साधा निशाना, पीड़िता को 50 लाख मुआवजा देने की मांग