पीलीभीत में 7 साल के बच्चे को स्क्रब टाइफस:गलत पते से स्वास्थ्य विभाग की टीम दिनभर परेशान रही, अलर्ट जारी


पीलीभीत के बिलसंडा ब्लॉक में एक 7 साल के बच्चे में स्क्रब टाइफस बीमारी मिली है। बच्चे को चार दिन से तेज बुखार था। स्थानीय इलाज से आराम नहीं मिलने पर परिवार ने उसे बरेली के एसआरएमएस (SRMS) अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जांच में स्क्रब टाइफस की बीमारी होने का पता चला, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई। अच्छी बात यह है कि इलाज के बाद बच्चा मंगलवार को अस्पताल से घर आ गया और अब वह पूरी तरह ठीक है। इस मामले में अस्पताल प्रशासन की एक गलती से स्वास्थ्य विभाग की टीम को काफी परेशानी हुई। जांच रिपोर्ट में बच्चे का पता बिलसंडा की जगह ‘अमरिया’ लिख दिया गया था। इस वजह से स्वास्थ्य विभाग की टीम और अमरिया सीएचसी अधीक्षक दिनभर अमरिया ब्लॉक में बच्चे के परिवार को ढूंढते रहे। काफी कोशिशों के बाद बुधवार देर शाम 8 बजे सही जानकारी मिली। इसके बाद स्वास्थ्य टीम बिलसंडा के करेली गांव पहुंची। बताया गया है कि एसआरएमएस अस्पताल की रिपोर्ट में बिलसंडा के मामलों में अक्सर अमरिया लिखा जा रहा है। मलेरिया विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को इस गलती के बारे में बता दिया है। जिला मलेरिया अधिकारी पंकज द्विवेदी ने बताया कि स्क्रब टाइफस का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। गांव में बचाव के लिए कई कदम उठाए गए हैं। स्वास्थ्य टीम पीड़ित बच्चे के घर पहुंची और परिवार के सभी सदस्यों की सेहत की जानकारी ली। एहतियात के तौर पर उनके सैंपल भी लिए गए। अभी परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ हैं। गांव और आसपास के इलाकों में बीमारी के फैलने की वजह खोजी जा रही है। निगरानी भी बढ़ा दी गई है। पीलीभीत जिले में संक्रामक बीमारियों को लेकर पहले से ही अलर्ट है। अब तक यहां करीब 7 डेंगू, 110 से ज्यादा मलेरिया और 2 स्वाइन फ्लू के मामले मिल चुके हैं। स्क्रब टाइफस का मामला आने के बाद विभाग की टीमों को और ज्यादा सतर्क कर दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *