![]()
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के नवादिया सुल्तानपुर गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग हुई। लगभग 50 हथियारबंद बदमाशों ने एक घर को घेर लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। इस घटना में कुछ लोगों को छर्रे लगने से मामूली चोटें आई हैं। नवादिया सुल्तानपुर निवासी सुखचैन सिंह के पुत्र हरप्रीत सिंह के घर पर सोमवार को एक कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बंडा थाना क्षेत्र का रनजोत सिंह अपने लगभग 50 हथियारबंद साथियों के साथ वहां पहुंचा। बदमाशों ने हरप्रीत सिंह के घर को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरा देखकर हरप्रीत सिंह ने आत्मरक्षा में फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में दूसरे पक्ष के बदमाशों ने भी गोलीबारी की। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे गांव में तनाव फैल गया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की सूचना पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। तत्काल कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने फरार बदमाशों की तलाश में माला रेंज के जंगलों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि गांव में फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने पुष्टि की कि घटना में कुछ लोगों को छर्रे लगे हैं, जिससे वे आंशिक रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
पीलीभीत में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े फायरिंग:50 बदमाशों ने घर घेरा, कई लोगों को छर्रे लगे