पीलीभीत में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत:भाई का आरोप- दहेज के लिए सल्फास खिलाकर मार डाला, मरने से पहले बहन ने बताई आपबीती


पीलीभीत में दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को कथित तौर पर जबरन सल्फास खिलाकर मारने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगा है। मृतका के भाई ने पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गोपालपुर निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन मालती देवी की शादी 4 जून 2025 को पड़रिया गांव निवासी विजय कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज का ताना देकर उसे प्रताड़ित करते थे। परिवार से 5 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी की मांग की जा रही थी। ‘मरने से पहले भाई को बताई पूरी बात’ तहरीर के मुताबिक, रविवार को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर मालती को पकड़कर जबरन सल्फास की गोलियां खिला दीं। हालत बिगड़ने पर उसे पूरनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे भाई का आरोप है कि उपचार के दौरान मालती ने होश में रहते हुए बताया कि उसे ससुरालियों ने जबरन जहर खिलाया है। कुछ देर बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की मालती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के भाई ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने और जेठानी समेत सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या तथा दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: पुलिस थानाध्यक्ष पवन पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *