पीपली वन से सेमल लकड़ी चोरी, एक गिरफ्तार:रामपुर में 20 कुंतल लकड़ी और पिकअप बरामद, तीन पर मुकदमा दर्ज


रामपुर के पीपली वन क्षेत्र से अवैध रूप से काटी गई सेमल की लकड़ी की तस्करी के मामले में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 20 कुंतल सेमल की लकड़ी से लदी एक पिकअप भी बरामद की गई है। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वन रक्षक बलविंदर सिंह ने थाना मिलक खानम में तहरीर दी, जिसमें बताया गया कि पीपली वन क्षेत्र से चोरी कर अवैध रूप से काटी गई करीब 20 कुंतल सेमल की लकड़ी पिकअप संख्या UK-06 CA-6142 में ले जाई जा रही थी। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका और चालक इबरान अली पुत्र नजाकत अली, निवासी ग्राम मसीत, केलाखेड़ा, थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) को गिरफ्तार कर लिया। नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी वन विभाग की तहरीर के आधार पर थाना मिलक खानम में इबरान अली के अलावा शरीफ उर्फ रंगरेज और आसिफ, निवासी थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26, 41, 42 और 52(क) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी इबरान अली को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बरामद पिकअप और अवैध लकड़ी को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में वन विभाग की ओर से वन रक्षक बलविंदर सिंह और अमित कुमार शामिल थे। वहीं, थाना मिलक खानम की ओर से उपनिरीक्षक कमल सिंह, हेड मोहर्रिर धर्मवीर सिंह और महिला कांस्टेबल बबीता पांडेय ने सहयोग किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *