पिता की मौत के 6 दिन बाद बेटी की मौत:मैनपुरी में मां का इलाज जारी, सड़क हादसे हुए थे घायल


मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र में छह दिन पहले हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पूरी तरह उजाड़ दीं। हादसे में पहले संदीप कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि अब उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी किट्टू ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही सड़क हादसे में पिता और बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं संदीप की पत्नी सोनाली का इलाज अभी भी सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, करहल थाना क्षेत्र के ग्राम बांक निवासी संदीप कुमार 22 जून की रात अपनी पत्नी सोनाली और डेढ़ वर्षीय पुत्री किट्टू के साथ कुचेला स्थित केसी मैरिज होम से बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 9:45 बजे दन्नाहार थाना क्षेत्र के कीरतपुर-बरनाहल मार्ग पर संतोष फिलिंग स्टेशन के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान संदीप कुमार की मौत हो गई थी। इसके बाद से सोनाली और मासूम किट्टू का इलाज चल रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि बच्ची की हालत में सुधार होगा, लेकिन हादसे के छह दिन बाद उपचार के दौरान किट्टू ने भी दम तोड़ दिया। बताया गया कि संदीप और सोनाली की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। इस हादसे ने कुछ ही दिनों में परिवार से पहले बेटे और अब उसकी मासूम बेटी को छीन लिया। पिता और बेटी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सोनाली अभी भी सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *