पालिका के कूड़ा प्लांट की जमीन का होगा अधिग्रहण:बुलंदशहर में ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भाईपुरा में


बुलंदशहर में ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण से नगर पालिका के कूड़ा निस्तारण प्लांट पर असर पड़ेगा। यह एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे को यमुना एक्सप्रेस-वे और जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ेगा। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के भाईपुरा स्थित लगभग 35 बीघा क्षेत्रफल वाले कूड़ा निस्तारण प्लांट में से करीब 30 बीघा भूमि ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाएगी। इसके चलते नगर पालिका को नया कूड़ा निस्तारण प्लांट स्थापित करने के लिए वैकल्पिक स्थान खोजना होगा। यह प्लांट लगभग छह वर्ष पहले करीब दो करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया गया था, जहाँ शहर के ठोस कचरे का निस्तारण किया जाता है। भूमि अधिग्रहण के बाद नगर पालिका के सामने वैकल्पिक व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती होगी। बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र से गुजरने वाला यह 74 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे जिले के 49 गांवों के लगभग 8700 किसानों की भूमि का अधिग्रहण करेगा। नगर पालिका प्रशासन अब शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण कार्य को प्रभावित होने से बचाने के लिए नए कूड़ा निस्तारण प्लांट के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश में जुट रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *