![]()
एटा के जलेसर कस्बे में स्थित प्राचीन शेर गंज माता मंदिर की भूमि पर कथित कब्जे और सरकारी जमीन पर अवैध दुकानों के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर पालिका परिषद जलेसर की क्षेत्रीय सभासद आशा सिंह के पति जे.पी. सिंह ने इस मामले में कार्रवाई न होने पर उपजिलाधिकारी कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। जे.पी. सिंह ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जलेसर को ज्ञापन सौंपकर एक माह के भीतर अवैध कब्जा हटाने और निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासनिक कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे आत्मदाह करेंगे। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि कस्बा जलेसर में शेरोज माता मंदिर की भूमि पर एक भू-माफिया कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। आरोप है कि वर्ष 1977 में एक फर्जी व्यक्ति के माध्यम से फर्जी बैनामा कराकर मंदिर की भूमि पर कब्जा कर लिया गया था, जिसके बाद वहां सात दुकानें बना दी गईं। दुकानों को तोड़कर पुनर्निर्माण का प्रयास ज्ञापन में यह भी उल्लेख है कि करीब 15 वर्ष पूर्व इन दुकानों को तोड़कर पुनर्निर्माण का प्रयास किया गया था। उस समय हुई जांच में भूमि के संबंध में कई तथ्य सामने आए थे। प्रशासनिक हस्तक्षेप और मंदिर के प्रति लोगों की आस्था के कारण सातवीं दुकान को हटवा दिया गया था, लेकिन छह दुकानों का निर्माण फिर भी कर लिया गया। सभासद पति ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने सातवीं दुकान के निर्माण की अनुमति के लिए न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय स्तर पर हुई जांच में कथित रूप से यह सामने आया कि ये दुकानें सरकारी भूमि पर खड़ी की गई हैं। जे.पी. सिंह ने एसडीएम से मांग की है कि मंदिर की भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी एटा और क्षेत्राधिकारी जलेसर को भी भेजी गई है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में व्यापक चर्चा है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
एटा में माता मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप:सभासद पति ने कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी