वाराणसी में नमो घाट पर स्वच्छता अभियान:नमामि गंगे की टीम ने दिलाई निर्मल गंगा की शपथ


विश्व नदी दिवस और विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को नमामि गंगे की ओर से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नमो घाट पर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान सांस्कृतिक पर्यटन की जननी मां गंगा के निर्मलीकरण का संकल्प दिलाते हुए “नदियां स्वच्छ होंगी तो पर्यटन बढ़ेगा” का संदेश दिया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने स्वयंसेवी टीम के साथ नमो घाट के गंगा तट की सफाई की और जनमानस को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नदियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को गति मिलती है तथा पर्यावरण संतुलन भी बना रहता है। गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि नदियों के बिना किसी भी सभ्यता का विस्तार संभव नहीं है। मां गंगा भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक हैं और उनके बिना भारतीय सभ्यता व पर्यटन अधूरा है। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को ‘गंगा शपथ’ दिलाते हुए अपील की कि वे गंगा में यात्रा के दौरान जिम्मेदार पर्यटक होने का परिचय दें और किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा नदी में न डालें। इस आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, अविनाश तिवारी, रुचि पाठक, गोल्डी पाठक, अविनाश पाठक, विशाल भारद्वाज सहित सैकड़ों पर्यटक शामिल रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *