पनकी धाम स्टेशन का पीएम मोदी आज करेंगे लोकार्पण:25 करोड़ से हुआ कायाकल्प, 30 से अधिक ट्रेनों के ठहराव की तैयारी


कानपुर के 45 साल पुराने पनकीधाम रेलवे स्टेशन का शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री प्रयागराज मंडल के पनकीधाम, फतेहपुर और विंध्याचल अमृत भारत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। रेलवे प्रशासन ने समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेशन परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जबकि बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव प्रसारित किया जाएगा। 1981 में स्थापित पनकीधाम स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप दिया गया है। स्टेशन पर 40 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज, 20 फीट चौड़े रैंप और स्वचलित सीढ़ियां बनाई गई हैं। समारोह में सांसद, विधायक, विधानसभा अध्यक्ष और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। दो मंजिल की इमारत में यात्रियों की सुविधा पर ध्यान स्टेशन को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह आधुनिक बनाया गया है। यहां डबल स्टोरी स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम, आधुनिक टिकटिंग क्षेत्र, विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था और डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है। दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लिफ्ट, रैंप और अतिरिक्त फुट ओवरब्रिज की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। करीब 4,500 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्किंग, हरित क्षेत्र और अलग प्रवेश-निकास मार्ग के साथ आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया भी तैयार किया गया है। 30 ट्रेनों के ठहराव की तैयारी प्रयागराज रेल मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह के मुताबिक, पनकीधाम स्टेशन के विकसित होने से पनकीधाम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और पश्चिमी कानपुर के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अभी स्टेशन पर श्रमशक्ति एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस समेत 16 ट्रेनों का ठहराव है, लेकिन लोकार्पण के बाद यहां 30 से अधिक ट्रेनों के ठहराव की तैयारी की जा रही है। भविष्य में पनकीधाम स्टेशन को टर्मिनल स्टेशन के रूप में भी विकसित करने की योजना है, जिससे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव काफी हद तक कम होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *