पत्नी से विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या:बागपत में परिजनों ने लगाए उत्पीड़न के आरोप, पुलिस कर रही जांच


बागपत के पुराना कस्बा स्थित मोहल्ला देशराज में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, देशराज मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय नीरज पुत्र सहदेव का विवाह वर्ष 2022 में गौरीपुर जवाहरनगर निवासी अंजली से हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। लगभग चार दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद अंजली अपने मायके चली गई थी। परिजनों के मुताबिक, तब से नीरज मानसिक रूप से परेशान था। रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नीरज ने अपने कमरे में चादर के सहारे पंखे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि घटना के समय वह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। परिवार के सदस्य उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान परिजनों ने शव ले जाने का विरोध करते हुए उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। मृतक नीरज की करीब दो वर्षीय बेटी शानवी है। उसकी पत्नी अंजली लगभग आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है। परिजनों ने पत्नी और उसके मायके पक्ष पर नीरज को प्रताड़ित करने का आरोप दोहराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बागपत कस्बा चौकी की इंचार्ज शिवकुमार ने बताया कि शव कब्जे में लेकर के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *