![]()
महराजगंज नगर पालिका परिषद के पंतनगर वार्ड में नालियों की नियमित सफाई न होने से गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गंदगी के अंबार और सड़कों पर बहते गंदे पानी से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड के दिनेश कुमार के घर के पास की नाली लंबे समय से जाम है। इसका गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आसपास के लोगों का जीवन दूभर हो गया है। स्थानीय निवासियों मनोज, विनोद, प्रमोद और मनोज कश्यप ने बताया कि सफाई न होने के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। गंदे पानी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। निवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। वार्डवासियों ने यह भी बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। नालियों का पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा होने से आवागमन में दिक्कत होती है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र को गंदगी और संभावित बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके।
Source link
पंतनगर वार्ड में नालियां जाम, सड़क पर बह रहा पानी:सफाई न होने से बढ़ी परेशानी, बीमारियों का खतरा