नोएडा में आज तीन स्थानों से चलेंगी सिटी बस:सीएम योगी आदित्यनाथ दिखाएंगे हरी झंडी, वर्चुअल जुड़कर लोगों को करेंगे संबोधित


गौतमबुद्ध नगर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार से इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से बस सेवा का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद तीनों स्थानों से 10-10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। नोएडा में कार्यक्रम के दौरान नोएडा में सांसद डॉक्टर महेश शर्मा , राज्य सभा सांसद सुरेंद्र नागर मौजूद रहेंगे। नोएडा में कार्यक्रम शिल्प हॉट में होगा। ग्रेटर नोएडा में उद्घाटन कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में होगा, वहां विधायक तेजपाल नागर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं यमुना सिटी में सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में कार्यक्रम होगा, जिसमें विधायक धीरेंद्र सिंह शामिल होंगे। यूपीएसआरटीसी और संबंधित प्राधिकरणों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। बस सेवा शुरू होने से पहले गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के चुनिंदा मार्गों पर ट्रायल रन किया गया। इसका उद्देश्य प्रस्तावित रूटों पर यातायात की स्थिति का आकलन करना और चालकों को मार्गों की जानकारी देना था। अधिकारियों के अनुसार ट्रायल सफल रहा और बसों के नियमित संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन स्लैब में है किराया
यूपीएसआरटीसी के अधिकारियों के मुताबिक बसों का किराया 20, 30 और 50 रुपये निर्धारित किया गया है। ग्रेटर नोएडा में बसें चार प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी, जबकि यमुना सिटी में नौ रूट प्रस्तावित किए गए हैं। बसों का संचालन यूपीएसआरटीसी द्वारा किया जाएगा, जबकि इनके संचालन के लिए वीजीएफ का वहन संबंधित प्राधिकरण करेंगे। सभी बसों में लगी है एलईडी
अधिकारियों ने बताया कि 15 जून से, जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू होंगी, तब बसों की संख्या बढ़ाकर 110 कर दी जाएगी। प्रत्येक बस में एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाया गया है, जिस पर रूट और गंतव्य की जानकारी प्रदर्शित होगी। इलेक्ट्रिक बस सेवा के विस्तार को देखते हुए ग्रेटर नोएडा में नए चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *