नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 2 अरेस्ट:14 बाइक बरामद, खाली प्लॉट में छिपाकर सस्ते में बेचते थे


नोएडा की बादलपुर थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 13 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और दो अवैध चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले बाइक और स्कूटी की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर वाहन चोरी कर सुनसान खाली प्लॉट में छिपा देते थे। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने मंगलवार को सूरजपुर में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरोह के बारे में गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जारचा निवासी सैफ अली और दादरी निवासी शादाब को गिरफ्तार कर लिया। एक मैकेनिक, दूसरा कबाड़ खरीदता है पूछताछ में पुलिस को पता चला कि सैफ अली मैकेनिक का काम करता है, जबकि शादाब कबाड़ खरीदने का काम करता है। दोनों वाहन चोरी करने के लिए पहले इलाके में घूमकर बाइक और स्कूटी की रेकी करते थे। वाहन पसंद आने के बाद मौका देखकर उसे चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए वाहनों को तत्काल बेचने के बजाय दोनों उन्हें सुनसान और खाली प्लॉट में छिपाकर रखते थे। इसके बाद राहगीरों को सस्ते दाम में वाहन बेच देते थे। चोरी के वाहनों से मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे और अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे। पार्ट्स निकालकर भी कमाते थे पैसा पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों के पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेचते थे। इस तरह एक ही वाहन से उन्हें कई तरह से कमाई होती थी। पुलिस अब बरामद वाहनों के बारे में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ये वाहन किन इलाकों से चोरी किए गए थे। पुलिस दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी के वाहनों को बेचने में इनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *