नोएडा के दरोगा का निधन, बीपी लो होने से मौत:संभल में दो महीने की EL पर घर आए, गॉर्ड ऑफ ऑनर से अंतिम विदाई


गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में तैनात एक उपनिरीक्षक (दरोगा) का बुधवार सुबह 11 बजे संभल में निधन हो गया। दो महीने की छुट्टी लेकर घर आए दरोगा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद उन्हें ‘गॉर्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। मृतक दरोगा की पहचान 58 वर्षीय नत्थू सिंह पुत्र स्व. हर्बल सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव पुसावली के रहने वाले थे। वर्तमान में वह गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के थाना ईकोटेक में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। नत्थू सिंह काफी समय से बीमार चल रहे थे और तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर लौटे थे। सोमवार रात को उनके पेट में दर्द उठा और बीपी लो होने के कारण अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें पहले पास के गांव धनोरा के अस्पताल ले गए, जहां राहत न मिलने पर उन्हें नगर पंचायत कस्बा बबराला के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार सुबह करीब 4 बजे सांस लेने में दिक्कत होने के बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। डॉक्टरों से परामर्श के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ ले जा रहे थे। सुबह 11 बजे जैसे ही वे बुलंदशहर जनपद के रामघाट मोड़ के पास पहुंचे, दरोगा नत्थू सिंह ने दम तोड़ दिया। दरोगा के बेटे नीरेश सिंह ने थाना पुलिस को पिता की मौत की सूचना दी। शव को थाना जुनावई मोर्चरी में रखा गया। पोस्टमार्टम के बाद शाम 5:30 बजे शव घर पहुंचा, जहां उन्हें ‘गॉर्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए राजघाट गंगा ले जाया गया और रात 8:30 बजे अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मृतक नत्थू सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्ष 1992 में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। 2 साल पहले प्रमोशन मिलने के बाद दरोगा बने थे। बेटे नीरेश ने बताया कि वर्ष 2016 में पहली बार ब्रेन हेमरेज हुआ था और अभी मार्च 2026 में फिर ब्रेन हेमरेज हुआ लगातार उनकी तबीयत खराब चल रही थी। बेटे के अनुसार बाया पैर और हाथ काम नहीं करता था। इलाज कराने के लिए EL लेकर घर आए थे। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि गांव पुसावली के रहने वाले नत्थू सिंह जनपद गौतमबुद्ध नगर के थाना ईकोटेक थाने में दरोगा के पद पर तैनात थे। बेटे के द्वारा उनकी मौत होने की सूचना दी गई थी। पोस्टमार्टम कराया गया और गांव में गॉड ऑफ ऑनर से अंतिम विदाई दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *