![]()
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित नैनीताल रोड पर रविवार दोपहर एक जूता-चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई। सड़क किनारे टीन शेड में बनी इस दुकान में लगी आग कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई, जिससे दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के अंदर पहले हल्का धुआं उठा, लेकिन प्लास्टिक और रबर के सामान ने तुरंत आग पकड़ ली। जूते-चप्पलों से भरी दुकान धू-धू कर जलने लगी। टीन शेड के कारण अंदर गर्मी तेजी से बढ़ी और आग और अधिक भड़क गई, जिससे लोग दुकान के करीब नहीं जा सके। आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपना सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। नैनीताल रोड जैसे व्यस्त इलाके में आग की ऊंची लपटें देखकर वाहन चालक भी रुक गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने हाई प्रेशर वाटर मिस्ट तकनीक का उपयोग कर आग पर काबू पाया। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो यह आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़ा कारोबारी नुकसान और जनहानि की आशंका थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
Source link
नैनीताल रोड पर जूता-चप्पल दुकान में लगी आग:हाई प्रेशर तकनीक से आसपास की दुकानें जलने से बचीं