नीति आयोग के नोडल अधिकारी सोनभद्र दौरे पर:शिक्षा गुणवत्ता, महिला स्वावलंबन बढ़ाने के दिए निर्देश


भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त सचिव और नीति आयोग के नोडल अधिकारी डॉ. मुथु कुमार स्वामी बी ने सोनभद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रॉबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, डॉ. स्वामी ने छात्राओं को दी जा रही शैक्षणिक सुविधाओं, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर शिक्षा और लाइफ स्किल्स प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर, जागरूकता और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. स्वामी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें जनपद के प्रमुख ऐतिहासिक, भौगोलिक और औद्योगिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कराया जाए। इसका उद्देश्य स्थानीय संसाधनों और विद्युत उत्पादन केंद्रों की जानकारी देना तथा उनके व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाना है। इसके बाद, उन्होंने केकराही स्थित सोया मिल्क एवं पनीर उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया। यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे उत्पादन, पैकेजिंग और विपणन कार्यों की उन्होंने सराहना की। डॉ. स्वामी ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सोया पनीर (टोफू) की गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोया पनीर प्रोटीन, कैल्शियम और कई खनिजों से भरपूर होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है और मांसपेशियों के विकास में सहायक है। यह वजन घटाने, हृदय स्वास्थ्य में सुधार, दूध से एलर्जी वालों के लिए बेहतरीन विकल्प, कैंसर के जोखिम को कम करने और मधुमेह प्रबंधन में भी सहायक है। सोया पनीर की गुणवत्ता को देखते हुए, डॉ. स्वामी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि उत्पादों की बिक्री को होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय बाजारों से जोड़कर विस्तार दिया जाए। इससे समूह की आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सकेगी। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे सिलाई कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने सुझाव दिया कि उन्हें विद्यालयों में यूनिफॉर्म सिलाई जैसे कार्यों से जोड़ा जाए, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *