![]()
लखनऊ में चीनी मांझे से हाईकोर्ट के वकील की नाक कट गई। उनकी नाक पर ढाई इंच लंबा घाव हुआ है। डॉक्टरों ने 3 टांके लगाए। घटना के समय उन्होंने हेलमेट लगा रखा था। इस वजह से मांझा गर्दन की ओर नहीं गया। हेलमेट का शीशा खुला होने से वह ऊपर ही अटक गया और नाक पर लंबा कट लग गया। घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे सिटी स्टेशन के पास हुई। वकील राघवेंद्र द्विवेदी मित्र के यहां गणेश उत्सव में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तभी अचानक मांझे की चपेट में आ गए। मांझे को वह देख नहीं पाए। राघवेंद्र इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में प्रैक्टिस करते हैं। हेलमेट में फंसा मांझा, शीशे पर स्क्रैच आया जनरैलगंज बालागंज की महेशपुरी कॉलोनी के रहने वाले वकील राघवेंद्र ने बताया- शाम के समय बाइक से घर लौटते समय सिटी स्टेशन से आगे बढ़ते ही यह घटना हुई। हेलमेट में अचानक मांझा फंस गया। जब तक कुछ समझ पाता तब तक नाक पर लंबा घाव हो चुका था। खून बहने लगा। हेलमेट की वजह से मांझा गर्दन की जगह नाक पर आ गया। हेलमेट के शीशे पर भी मांझे से स्क्रैच आया। परिजन और परिचित तत्काल बलरामपुर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान घाव पर तीन टांके लगाए। राघवेंद्र का कहना है कि हेलमेट की वजह से मांझा गर्दन तक नहीं पहुंच सका, वरना हादसा गंभीर हो सकता था। शहर में पहले की घटनाएं- 22 जून 2022 : कैंट इलाके में युवक के हाथ और गर्दन पर मांझे से चोट लगी।
23 मई 2023 : ठाकुरगंज के पीर बुखारा इलाके में मांझे से युवक हुआ चोटिल।
27 मार्च 2024 : हजरतगंज कोतवाली के एसएसआइ का अंगूठा ईदगाह रोड पर मांझे से कट गया।
23 फरवरी 2025 : बीबीडी इलाके में मांझे से बाइक सवार अमन घायल।
3 सितंबर 2025 : हैदरगंज में व्यवसायी आसिम मार्शल दो बेटियों को लेकर स्कूल से घर जा रहे थे। मांझे की चपेट में आकर घायल हुए।
3 फरवरी 2026 : दुबग्गा निवासी 33 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव मोहम्मद शोएब के गले में हैदरगंज ओवरब्रिज पर मांझा फंसा, गला कटने से मौत।
4 फरवरी 2026 : गोमती नगर विस्तार में मलेसेमऊ गांव के पास शहीद पथ पर पूर्व एयरफोर्स कर्मी बृजेश राय मांझे की चपेट में आए। होठ दाढ़ी का निचला हिस्सा कटा।
Source link
लखनऊ में चीनी मांझे से वकील की नाक कटी:ढाई इंच लंबा घाव हुआ, 3 टांके लगे; हेलमेट लगा होने से बची गर्दन