नीट परीक्षा संपन्न, 419 अभ्यर्थी अनुपस्थित:जिले के 12 केंद्रों पर 5785 ने दी परीक्षा, कोई गड़बड़ी नहीं आई सामने


चिकित्सा शिक्षा के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को जिले के 12 केंद्रों पर आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 6205 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5785 परीक्षार्थी शामिल हुए और 419 अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी केंद्र पर कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। प्रवेश परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू हो गया था और दोपहर 1:30 बजे तक जारी रहा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को ज्वेलरी, कलाई घड़ी, कंगन या धातु की बनी अन्य वस्तुएं केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट परीक्षा के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए थे। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा केंद्र पर लाने की मनाही थी। हालांकि, उन्हें अपना आईडी कार्ड, एडमिट कार्ड, फोटो और पानी की पारदर्शी बोतल लाने की अनुमति दी गई थी। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। डीसीएसके पीजी कॉलेज से बाहर निकले अमित सिंह, राहुल चौहान, अमरेंद्र यादव, पूजा सिंह और रिंकी चौहान ने बताया कि केमिस्ट्री और बॉटनी के प्रश्न आसान थे, लेकिन फिजिक्स और बायोलॉजी के सवालों ने उन्हें काफी उलझाया। कई प्रश्न इतने कठिन थे कि उन्हें छोड़ना ही बेहतर समझा गया। डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मऊ जनपद में नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। उन्होंने पुष्टि की कि पंजीकृत 6205 अभ्यर्थियों में से 419 अनुपस्थित रहे, जबकि 5785 ने परीक्षा दी। किसी भी केंद्र पर किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *