नीट छात्रा का प्रेमी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया:वादा करने के बाद शादी से मुकरने का आरोपी, प्रेमिका ने थाने में किया था हंगामा


प्रयागराज में एफआईआर दर्ज न होने पर नीट की तैयारी करने वाली जिस छात्रा ने कैंट थाने में हंगाम किया, उसका प्रेमी सौरभ यादव मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस को पूछताछ में उसने युवती से संबंध होने की बात कबूली। हालांकि यह भी कहा कि उसके घरवाले रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। कैंट पुलिस ने उसे महोबा में दबिश देकर पकड़ा। बता दें कि वह मूल रूप से महोबा का रहने वाला है और राजापुर में रहता था। उसने कुछ दिनों तक यहां रहकर तैयारी भी की। बाद में वह प्राइवेट जॉब करने लगा। पूछताछ में पुलिस को यह भी बताया कि उसका छोटा भाई युवती के साथ पढ़ता था। इसी दौरान उसकी जान पहचान हुई और फिर दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आ गए। कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया हे। नीट की तैयारी कर रही है छात्रा
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 24 साल की छात्रा नीट की तैयारी कर रही है। उसका आरोप है कि राजापुर के रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया और बाद में मुकर गया। इसकी शिकायत वह कैंट थाने लेकर गई तो उसे राजापुर चौकी भेज दिया गया। वहां दो दिन तक टालमटोल करने के बाद फिर थाने जाने को कहा गया। सोमवार को वह थाने पहुंची तो उसे धूप में बैठा दिया गया। तीन घंटे तक वह इंस्पेक्टर का इंतजार करती रही। पूछने पर पुलिसवाले कहते रहे कि इंस्पेक्टर खाना खा रहे हैं। छात्रा बोली- इंस्पेक्टर सुनने के बजाय डांटने लगे छात्रा ने बताया- इंस्पेक्टर तीन घंटे बाद थाने से बाहर निकले तो रुककर उसकी बात तक नहीं सुनी। उल्टा उसे ही डांटने लगे। उससे आवारा बोलते हुए कहा कि अकेली चली आती हो। इसके बाद वह थाने में ही वीडियो बनाने लगी। इंस्पेक्टर ने वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों से मोबाइल छीनने को कहा। छात्रा ने अपने इंस्टाग्राम आईडी से वीडियो को पोस्ट किया है। इसमें कैंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरनाथ राय और छात्रा के बीच नोकझोंक होते दिखाई दी। वह कहती रही कि कार्रवाई नहीं करोगे तो वीडियो बनाऊंगी ही। इसे पुलिस कमिश्नर को भी दिखाऊंगी। इसके जवाब में इंस्पेक्टर भी यह कहते दिखाई दिए कि वीडियो बनाओगी तो मैं डर जाऊंगा क्या? थाने में करीब आधे घंटे तक हंगामा होने के बाद आखिरकार पुलिस ने FIR दर्ज कर ली थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *