![]()
आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के सदस्यों ने चंदौली जिला मुख्यालय पर पुलिस के खिलाफ पैदल मार्च निकाला। यह प्रदर्शन चकिया कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी की गिरफ्तारी न होने के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारी पुलिस लाइन पहुंचे और एसपी आकाश पटेल को ज्ञापन सौंपा। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि चकिया कोतवाली के एक गांव में एक नाबालिग किशोरी के साथ एक अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति ने छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें पूरे दिन थाने में बैठाए रखा और देर रात को ही मुकदमा दर्ज किया। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी क्षेत्र का ‘टॉप टेन’ अपराधी है। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिस पर उन्होंने पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि चकिया के सीओ को भी इस पूरी घटना की जानकारी है, लेकिन पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए कोई पहल नहीं कर रही है। इसी के चलते आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के सदस्यों ने एसपी आकाश पटेल से मुलाकात की। एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इसके लिए पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
Source link
नाबालिग से छेड़छाड़: आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर प्रदर्शन:चंदौली में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने एसपी को ज्ञापन सौंपा