![]()
मैनपुरी जनपद के विकासखंड बरनाहल क्षेत्र के नवाटेढ़ा मुख्य चौराहे पर वर्षों पुराना इंडिया मार्का हैंडपंप पिछले लगभग 18 महीनों से खराब पड़ा है। इससे आम जनता, राहगीरों और दुकानदारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। मैनपुरी, घिरोर, करहल और बरनाहल मार्गों के मिलन केंद्र होने के कारण इस व्यस्त चौराहे पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। पीने के पानी की कोई अन्य सरकारी व्यवस्था न होने के कारण स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने खराब पड़े हैंडपंप के पास खड़े होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। दुकानदारों को रोज तीस रुपये में दस लीटर पानी का कैंपर खरीदना पड़ रहा है और राहगीर बीस रुपये देकर पानी की बोतल खरीदने को मजबूर हैं। प्रमुख समाजसेवी जयकुमार चौहान ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर विकासखंड अधिकारी तथा तहसील स्तर के अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र दिए जा चुके हैं, परंतु प्रशासनिक उदासीनता के चलते अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। चौराहे के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने जिला अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, सीडीओ नेहा बंधु, उपजिलाधिकारी करहल तेजस कृष्ण प्रसाद, खंड विकास अधिकारी राजेश मिश्रा तथा स्थानीय ग्राम पंचायत सचिव से शीघ्र इस हैंडपंप का रीबॉर कराकर पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। इस विरोध प्रदर्शन में समाजसेवी जयकुमार चौहान के साथ धनवीर सिंह चौहान, पवन पांडे, जाहिद अली, सुनील शाक्य, राजकुमार, इमरान अली, आसिफ अली, सोनू शाक्य, सलमान खान और कोसू सविता समेत कई अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Source link
नवाटेढ़ा चौराहे पर स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन:18 माह से खराब पड़ा हैंडपंप, पेयजल व्यवस्था बहाल कराने की मांग