![]()
प्रतापगढ़ में नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर नगर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर कार्रवाई की मांग करते हुए एक घंटे तक धरना दिया। पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का आरोप भी लगाया गया। सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। अंतू थाना क्षेत्र के नगर निवासी नीरज गुप्ता शनिवार देर शाम अपनी पत्नी ममता गुप्ता को राजपाल चौराहे के पास स्थित हिंद नर्सिंग होम ले गए थे। डॉक्टर ने डिलीवरी का समय पूरा होने की बात कहकर महिला को भर्ती कर लिया था। रविवार सुबह डिलीवरी के बाद नवजात बच्चे की मौत हो गई, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बच्चे की स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और डॉक्टर भी मौके पर मौजूद नहीं थे। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर अस्पताल कर्मियों और कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएमओ राजेश कुमार ने अस्पताल पर छापा मारा और उसे अवैध रूप से संचालित होने के आरोप में सील कर दिया। अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों द्वारा डिप्टी सीएमओ के सामने अभद्रता करने की बात भी सामने आई है। अस्पताल की संचालिका डॉ. शाहिदा सिद्दीकी मौके से फरार बताई जा रही हैं। सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि पीड़ित परिवार से तहरीर मिल गई है। सीएमओ को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। सीएमओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नवजात की मौत, परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे:डॉक्टर और स्टाफ पर कार्रवाई की मांग, एक घंटे तक धरना