![]()
सहारनपुर के थाना कोतवाली मंडी क्षेत्र में दो दिन में हुई चाकूबाजी की घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मंगलवार दोपहर पुलिस ने दोनों मामलों में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरे मामले में वांछित दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पहला मामला 8 अगस्त का है। हसमत कॉलोनी निवासी इनाम ने थाना मंडी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बेटे सरफराज पर लालू और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में सरफराज घायल हो गया था। आरोपियों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मौ. फरीद उर्फ मुन्ना, कदीम उर्फ लालू, आशिक उर्फ समी और शौकीन के नाम सामने आए। अगले दिन दूसरे पक्ष पर धारदार हथियारों से हमला दूसरी घटना 9 अगस्त की है। नाजिम कॉलोनी निवासी मुक्कमिल ने थाना मंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि लुकमान उर्फ मुन्ना, शौकीन, मुन्ना उर्फ फरीद, समीर, दानिश, अख्तरा और अन्य लोगों ने एक राय होकर उस पर और मोहल्ले के शोएब व शहनवाज पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू, लाठी-डंडों और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया। घटना में कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जुल्मगढ़ की पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश के दौरान मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद थाना मंडी पुलिस ने जुल्मगढ़ की पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से मौ. फरीद उर्फ मुन्ना, कदीम उर्फ लालू, आशिक उर्फ समी और शौकीन को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान दूसरे मुकदमे में वांछित दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने संरक्षण में ले लिया। फरीद पर पहले से 4 मुकदमे दर्ज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी फरीद उर्फ मुन्ना का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ थाना मंडी में वर्ष 2024 और 2026 के दौरान मारपीट, धमकी और पॉक्सो अधिनियम से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं। चार आरोपी कोर्ट, दो बाल अपचारी किशोर न्याय बोर्ड भेजे गए पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, दोनों बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों चाकूबाजी की घटनाओं से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।
Source link
दो चाकूबाजी की वारदातों के बाद पुलिस का एक्शन:सहारनपुर में 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 बाल अपचारी संरक्षण में लिए