![]()
देवरिया के महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में शनिवार दोपहर परिजनों ने हंगामा किया। एक साल के बच्चे को पीआईसीयू से बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किए जाने की बात पर यह स्थिति बनी। परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। करीब 40 मिनट तक पीआईसीयू के बाहर हंगामे की स्थिति बनी रही। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी प्रेम कुमार चौहान के एक साल के बेटे आर्यन चौहान की तबीयत खराब होने पर उसे महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू में भर्ती कराया गया था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर करने की सलाह दी। इस पर बच्चे के पिता प्रेम कुमार चौहान ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जब बच्चे की हालत गंभीर हो गई है, तो उसे अब गोरखपुर रेफर किया जा रहा है। परिजनों ने बच्चे को मेडिकल कॉलेज से ले जाने के बजाय यहीं इलाज जारी रखने की मांग की। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि बच्चे की हालत गंभीर थी, इसलिए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर करने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया कि परिजन बच्चे को गोरखपुर ले जाकर इलाज कराने के बजाय मेडिकल कॉलेज में ही उपचार जारी रखना चाहते थे, इसी बात को लेकर हंगामा हुआ। डॉ. मिश्रा के अनुसार, बच्चे का इलाज किया जा रहा है।
Source link
देवरिया मेडिकल कॉलेज में बच्चे को रेफर करने पर हंगामा:डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने समझाकर शांत कराया