![]()
कानपुर नगर निगम में टेंडर में गड़बड़ी के मामले के बीच अब मंगल भवन से जुड़ी समितियों पर भी कार्रवाई हुई है। बेनाझावर में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाए गए मंगल भवन के निर्माण कार्यों और रखरखाव-संचालन से जुड़ी दोनों समितियां भंग कर दी गई हैं। सांसद रमेश अवस्थी की शिकायत के बाद मंडलायुक्त ने समिति की जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में समितियों के कामकाज में कई खामियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। नगर आयुक्त ने समितियों को भंग करने के दिए आदेश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 21 सितंबर को दोनों समितियों को भंग करने के आदेश दिए थे। इसके बाद मंगलवार को नगर निगम के संपत्ति विभाग ने दोनों समितियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया। अब मंगल भवन के संचालन, रखरखाव और इससे जुड़े अन्य दायित्वों का निर्वहन नगर निगम का संपत्ति विभाग करेगा। दो अलग बनाई गई थीं समितियां बेनाझावर में मंगल भवन के लिए दो अलग-अलग समितियां बनाई गई थीं। एक समिति का काम भवन के निर्माण से जुड़े कार्यों की निगरानी करना था, जबकि दूसरी समिति को निर्माण पूरा होने के बाद भवन के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी। रखरखाव और संचालन समिति में कुल 10 सदस्य थे। इनमें नगर निगम के अभियंत्रण, संपत्ति और अन्य विभागों से जुड़े छह लोग शामिल थे, जबकि चार सदस्य केजेआईसी कंपनी से जुड़े थे। समिति में बाहरी लोगों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठे थे। सांसद की शिकायत पर कराई गई थी जांच मंगल भवन से जुड़ी इन दोनों समितियों को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने मंडलायुक्त से शिकायत की थी। शिकायत के बाद मंडलायुक्त ने तत्कालीन एडीएम सिटी और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को मामले की जांच के आदेश दिए। जांच के बाद रिपोर्ट मंडलायुक्त को सौंपी गई। रिपोर्ट में समितियों के कामकाज में कई खामियां मिली हैं। अब संपत्ति विभाग संभालेगा जिम्मेदारी यह रिपोर्ट 5 सितंबर को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को भेजी गई थी। इसके बाद नगर आयुक्त ने 21 सितंबर को दोनों समितियों को भंग करने का आदेश दिया। मंगलवार को संपत्ति विभाग ने भी दोनों ही समितियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया। 11 हजार रुपए में मिलती है सुविधा मंगल भवन का निर्माण कानपुर नगर निगम और जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के बीच हुए समझौते के तहत सीएसआर फंड से कराया गया था। इसका निर्माण रिकॉर्ड नौ महीने में पूरा किया गया था। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, बीपीएल कार्डधारक और दिव्यांग परिवारों को कम खर्च में शादी और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा उपलब्ध कराना है। बीपीएल और दिव्यांग परिवारों के लिए यहां बुकिंग शुल्क मात्र 11 हजार रुपए रखा गया है। अन्य श्रेणियों के लिए अलग दरें निर्धारित हैं। भवन में बैंक्वेट हॉल, मल्टीपर्पस हॉल, गेस्ट रूम, किचन, लॉन और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
Source link
मंगल भवन की दोनों समितियां भंग:सांसद की शिकायत पर जांच में मिलीं कई खामियां, अब संपत्ति विभाग संभालेगा जिम्मेदारी