![]()
देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में एक तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ युवक भोजपुरी गीत पर राइफल लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। एसपी से शिकायत के बाद भटनी पुलिस ने मामले में शामिल आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना 28 अप्रैल को नोनापार गांव निवासी राममनु यादव (स्वर्गीय नन्हू यादव के पुत्र) के भतीजे के तिलक समारोह में हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान हर्ष फायरिंग की गई। समारोह में किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जिसमें भोजपुरी गीत “राइफल से खुटा ठोकाई” पर हथियार लहराते हुए फायरिंग करते युवक दिख रहे हैं। बाद में यह वीडियो मोबाइल स्टेटस पर साझा किया गया, जिसके बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने शादी-विवाह और तिलक जैसे आयोजनों में हर्ष फायरिंग की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं, और उन्होंने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। शिकायत मिलते ही भटनी पुलिस सक्रिय हुई और संबंधित लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की जांच में तेजी लाई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों के उपयोग और हर्ष फायरिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर देख रही है।
Source link
देवरिया में हर्ष फायरिंग का VIDEO:तिलक में राइफल लहराते दिखे, पुलिस ने हिरासत में लिया