देवरिया में स्व-गणना अभियान शुरू:परिवार को मिलेगा यूनिक पहचान संख्या, जनगणना प्रक्रिया में होगी महत्वपूर्ण भूमिका


देवरिया में गुरुवार से स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट पहचान संख्या (यूनिक नंबर) प्रदान की जाएगी। तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि स्व-गणना अभियान 7 मई से 21 मई तक चलेगा। इस अवधि में नागरिक स्वयं अपने मकान और परिवार से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। परिवार से संबंधित 33 बिंदुओं पर भरनी होगी जानकारी इसके बाद, 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर शेष परिवारों का डेटा एकत्र करेंगे और मकान जनगणना का कार्य पूरा करेंगे। अभियान की शुरुआत से पहले सभी तहसीलों में सुपरवाइजरों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। तहसील सभागार में आयोजित बैठक में कर्मचारियों को स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने तथा प्रत्येक परिवार का सही एवं पूर्ण विवरण दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। मास्टर ट्रेनर डॉ. गोविंद मिश्रा और शिशिर कुमार राय ने बताया कि स्व-गणना के दौरान प्रत्येक परिवार से संबंधित 33 बिंदुओं पर जानकारी भरनी होगी। इसमें मकान, परिवार के सदस्यों और अन्य सामाजिक-आर्थिक विवरण शामिल हैं। उन्होंने कर्मचारियों को डेटा प्रविष्टि में सावधानी बरतने और सटीक जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह भी बताया कि प्रत्येक परिवार को एक विशेष स्व-गणना पहचान संख्या (यूनिक नंबर) प्रदान की जाएगी। यह नंबर आगामी जनगणना प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और पूरी व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाएगा। मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी से होगा लॉगिन नागरिक https://se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी से लॉगिन करना होगा। फिर मकान से संबंधित जानकारी, परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और कुल 33 बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। सभी विवरणों की जांच के बाद फाइनल सबमिट करने पर स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होगी। बैठक में जनगणना अधिकारी जीतेंद्र सिंह, रजनीश मिश्रा, अनुज वर्मा, अतुल यादव, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *