देवरिया में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन:22 जुलाई को विधानसभावार होंगे आयोजन, तैयारियां हुई तेज


भारतीय जनता पार्टी देवरिया में 22 जुलाई को प्रस्तावित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों में जुट गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को दिन में 12 बजे औरा चौरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना और सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा करना था। बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा के जिला प्रभारी संतराज यादव रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ संगठन है। बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और उनके माध्यम से सरकार की योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से सम्मेलन की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने का आह्वान किया। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ तंत्र है। उन्होंने बताया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करता है। शाही ने सभी पदाधिकारियों से प्रत्येक बूथ से अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि बूथ अध्यक्षों की सक्रियता ही संगठन की मजबूती और चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने बताया कि 22 जुलाई को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभावार बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा के लिए संयोजक और समन्वयकों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सम्मेलन को सफल बनाने में जुटने का निर्देश दिया। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, बूथ अध्यक्षों तक सूचना पहुंचाने, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *