![]()
देवरिया जिले में सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। आसमान में घने बादल छाए रहे और जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ स्थानों पर उमस भी महसूस की गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह करीब आठ बजे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लगभग 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम को अपेक्षाकृत सुहाना बनाए रखा। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में मानसून के आगमन से पहले मौसमी गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। अगले 24 घंटों में लू का असर पूरी तरह समाप्त होने की संभावना है। इसके बाद 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला और तेज होने के आसार हैं। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से और अधिक राहत मिलेगी। इस बारिश से किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। धान की रोपाई की तैयारी कर रहे किसानों के खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से रोपाई कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। खरीफ फसलों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। वहीं, लोगों ने लंबे समय बाद मौसम सुहाना होने पर राहत की सांस ली।
Source link
देवरिया में झमाझम बारिश:गर्मी से मिली राहत, धान रोपाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां