![]()
सहारनपुर में ईद-उल-अजहा की छुट्टियों के बाद विश्व प्रसिद्ध इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारूल उलूम देवबंद में नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है। सत्र के आरंभ के साथ ही संस्था प्रशासन ने छात्रों के लिए अनुशासन संबंधी नियमों को दोहराते हुए स्मार्टफोन और मल्टीमीडिया मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की है। संस्था प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र के पास स्मार्टफोन या अन्य मल्टीमीडिया सुविधाओं वाला मोबाइल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे छात्रों का प्रवेश तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया जाएगा और उनका नाम संस्थान के रिकॉर्ड से भी हटा दिया जाएगा। दारुल इकामा (छात्रावास) के प्रभारी मुफ्ती अशरफ अब्बास के अनुसार, छुट्टियों पर घर जाने से पहले ही छात्रों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए थे। उन्हें बताया गया था कि जिन छात्रों के पास स्मार्टफोन हैं, वे उन्हें अपने घर पर ही छोड़कर वापस आएं। संस्थान में केवल साधारण की-पैड वाले मोबाइल फोन रखने की अनुमति है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर छात्र अपने परिवार से संपर्क कर सकें। प्रबंधन का कहना है कि आधुनिक मल्टीमीडिया उपकरण छात्रों का ध्यान पढ़ाई से भटका सकते हैं और शैक्षिक वातावरण को प्रभावित कर सकते हैं। इसी कारण लंबे समय से इन उपकरणों के उपयोग पर रोक लगी हुई है। अब नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। संस्थान ने सभी छात्रों से अनुशासन बनाए रखने, नियमों का पालन करने और अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए तकनीकी उपकरणों के उपयोग को सीमित रखना जरूरी है।
Source link
दारूल उलूम में छात्रों पर मिला स्मार्टफोन…तो एडमिशन कैंसिल:प्रबन्धन ने दी चेतावनी, अपने घर पर ही छोड़कर मोबाइल आएं