कानपुर देहात में भीषण गर्मी का कहर:नदी सूखने से पानी के लिए भटक रहे बंदर, गौशाला में भी परेशानी


उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कानपुर देहात के डेरापुर तहसील क्षेत्र में इंसान ही नहीं, बेजुबान जीव-जंतु भी पानी के संकट से जूझ रहे हैं। यहां एक नदी सूख जाने से वन्यजीवों के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। कानपुर देहात में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है। डेरापुर तहसील के हरामऊ गांव के पास बहने वाली नदी पूरी तरह सूख गई है। कभी पानी से भरी रहने वाली यह नदी अब सूखे की चपेट में है, जिसका सीधा असर आसपास के जंगलों में रहने वाले जीव-जंतुओं पर पड़ रहा है।
हरामऊ के जंगलों में बड़ी संख्या में बंदर निवास करते हैं। नदी सूखने के कारण उनके लिए पीने के पानी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी और धूप में ये जानवर पानी की तलाश में भटकने को मजबूर हैं। इस चुनौतीपूर्ण समय में कुछ सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग इन जीवों की मदद के लिए आगे आए हैं। वे नियमित रूप से जंगल में पहुंचकर बंदरों के लिए पानी, शरबत और फल उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सके।
इसी जंगल क्षेत्र में स्थित एक अस्थायी गौशाला की स्थिति भी चिंताजनक है। गौशाला में क्षमता से अधिक गौवंश होने के कारण कई पशु खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण ये गौवंश भी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। वर्तमान में, इंसानों से लेकर पशु-पक्षियों तक सभी को मौसम में बदलाव का इंतजार है। उम्मीद है कि जल्द ही तापमान में गिरावट आएगी और बारिश से इस तपिश से राहत मिलेगी। तब तक गर्मी और पानी का संकट बेजुबान जीवों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *