तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार भाई-बहन को मारी टक्कर:रामपुर में घायल बहन ने चालक की चाबी छीनकर भागने से रोका, कार्रवाई की मांग


रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घायल बहन ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसकी कार की चाबी छीन ली और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में ले लिया। घटना गंज थाना क्षेत्र के चाकू चौक चौराहे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाई-बहन बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक काले रंग की तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचाराधीन घायल शबनम (30) ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए चालक से कार की चाबी छीन ली और वाहन को बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने गंज थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घायलों की पहचान अमन अली (22) और उनकी बहन शबनम (30) के रूप में हुई है। अमन अली टांडा थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि शबनम मूल रूप से भगतपुर थाना क्षेत्र के खैरखाता गांव की रहने वाली हैं। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *