तेज रफ्तार कार की टक्कर से टीचर की मौत:मैनपुरी में बेटा और दो वर्षीय नाती गंभीर, बेटी के घर जाते समय हुआ हादसा


मैनपुरी के भोगांव-कुरावली हाईवे पर बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में एक टीचर की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे और दो वर्षीय नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोगांव थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी सूरज सिंह लोधी (50) एक विद्यालय में टीचर थे। बुधवार शाम वह अपने पुत्र रामू और दो वर्षीय नाती यश के साथ बाइक से कुरावली क्षेत्र के रीछपुरा गांव स्थित अपनी पुत्री के घर जा रहे थे। बाइक रामू चला रहा था। जब वे ग्राम छाछा के पास एसएन कोल्ड स्टोर और बंटी ढाबे के निकट पहुंचे, तभी भोगांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज सिंह उछलकर कार के बोनट से टकराए और सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक रामू और दो वर्षीय यश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसी दौरान क्षेत्र में भ्रमण पर निकले क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण द्विवेदी मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस बुलवाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने मृतक शिक्षक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कार चालक को वाहन सहित हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीचर की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *