डॉ. तपन मंडल डिप्टी सीएमएस पद से हटाए गए:डॉक्टरों से विवाद और शिकायतों के बाद प्राचार्य ने लिया फैसला


राजकीय मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। चिकित्सकों के साथ लगातार विवादों और शिकायतों के बाद डॉ. तपन मंडल को डिप्टी सीएमएस पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर अवनीश शाह को एल-2 का प्रभारी बनाया गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उप चिकित्साधीक्षक (डिप्टी सीएमएस) पद पर तैनात रहे डॉ. तपन मंडल को शुक्रवार को उनके पद से हटाया गया। यह निर्णय प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार की अध्यक्षता में हुई एक अहम बैठक के बाद लिया गया। मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य डॉ. सुरेश कुमार ने अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए डॉ. तपन मंडल को डिप्टी सीएमएस की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से डॉ. मंडल और अन्य चिकित्सकों के बीच लगातार विवाद की खबरें सामने आ रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, इसको लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायतें भी की गई थीं। शुक्रवार को चिकित्सकों के साथ हुई बैठक में इन मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई, जिसके बाद डॉ. मंडल को डिप्टी सीएमएस पद से हटाने का निर्णय लिया गया। प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में डिप्टी सीएमएस का कोई स्थायी पद नहीं है। यह जिम्मेदारी पूर्व में व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से डॉ. तपन मंडल को दी गई थी। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में कार्य व्यवस्था संतोषजनक ढंग से संचालित हो रही है, इसलिए अब इस पद की आवश्यकता नहीं है। प्राचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि डॉ. तपन मंडल की मूल नियुक्ति असोसिएट प्रोफेसर के रूप में है। अब वह मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु चिकित्सकों को शिक्षण कार्य करेंगे। डॉ. तपन मंडल को डिप्टी सीएमएस पद से हटाए जाने के बाद मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक सख्ती के संकेत मिल रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों और अंदरूनी विवादों के बीच लिया गया यह फैसला व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *