डीह ओपन जिम बदहाल, मशीनों पर सूख रहे कपड़े:लाखों की लागत से बना जिम, झूले टूटे; वीडियो वायरल होने पर जांच के आदेश


रायबरेली के डीह कस्बे में लाखों की लागत से बना ओपन जिम बदहाली का शिकार हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं को कसरत की सुविधा देने के उद्देश्य से स्थापित यह जिम अब अव्यवस्थाओं का केंद्र बन गया है। आलम यह है कि जिम की मशीनें कसरत के बजाय कपड़े सुखाने के काम आ रही हैं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जिम की बदहाली साफ दिख रही है। फिटनेस के शौकीनों के लिए लगाई गई अधिकांश मशीनें या तो जाम हो चुकी हैं या उनके पुर्जे टूट गए हैं। बच्चों के लिए लगाए गए झूले भी टूटकर लटक रहे हैं, जिससे चोट लगने का खतरा बना हुआ है। सुबह-शाम कसरत करने आने वाले स्थानीय लोग निराश होकर लौट रहे हैं। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि जिम्मेदार अधिकारी किस कदर बेपरवाह हैं। व्यायाम उपकरणों का उपयोग कपड़े सुखाने के लिए किया जा रहा है और परिसर में चारों तरफ गंदगी फैली है। लाखों की सरकारी संपत्ति की इस बर्बादी को देखकर ग्रामीण आक्रोशित हैं। इस मामले को लेकर अपर जिला प्रशासन सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश दिए गए हैं। विभाग को मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *