बंद मकान से 1.40 लाख नकद और जेवर चोरी:मथुरा में परिवार प्लॉट पर सोने गया था, सुबह लौटने पर पता चला


मथुरा के चौमुहां कस्बे के थोक मनी मोहल्ले में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बना लिया। चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और कमरे की कुंडी खोलकर अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी में रखी करीब 1.40 लाख रुपये की नकदी, सोने का मंगलसूत्र और सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। सोमवार सुबह करीब 8 बजे घर लौटने पर पीड़ित को चोरी की जानकारी हुई। थोक मनी मोहल्ला निवासी विष्णु अपने परिवार के साथ पसोली रोड स्थित निर्माणाधीन प्लॉट पर सोने गए थे। इस दौरान उनका मकान खाली था। रात में चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हो गए। इसके बाद कमरे की कुंडी खोलकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह विष्णु परिवार के साथ घर पहुंचे तो कमरे की कुंडी खुली मिली। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। पीड़ित ने अलमारी की जांच की तो उसमें रखी 1.40 लाख रुपये की नकदी, सोने का मंगलसूत्र और सोने की चेन गायब मिली। चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर जैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। चोरी की वारदात के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि कस्बे में रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *