डीएम बोले- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:फिरोजाबाद में किसानों से सीधे संवाद किया, 110 में से 9 मामलों का मौके पर हुआ समाधान


फिरोजाबाद की टूंडला तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फरियादियों की शिकायतों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए जागरूकता शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने खतौनी पटल पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 110 शिकायतें आईं, 9 का मौके पर हुआ निस्तारण जिलाधिकारी ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 110 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए सात दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रुघ्न वैश्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *