![]()
रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शुक्रवार को विकास खंड सरेनी स्थित धनपालपुर पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था, पेयजल की गुणवत्ता और संचालन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को नियमित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए। 2021-22 में 232.66 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस योजना का उद्देश्य ग्राम पंचायत धनपालपुर की करीब 2,725 आबादी तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। योजना के तहत एक नलकूप, 175 किलोलीटर क्षमता का 16 मीटर ऊंचा ओवरहेड टैंक, 12,080 मीटर लंबी वितरण पाइपलाइन और 513 घरेलू नल कनेक्शन स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पंप हाउस, 25 किलोवाट का सोलर प्लांट, 17.5 एचपी का पंपिंग प्लांट और बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी पूरा हो चुका है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंप हाउस, ऑटोमेशन सिस्टम, ओवरहेड टैंक (ओएचटी) और क्लोरीनेशन सिस्टम की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियंता से जल गुणवत्ता बनाए रखने की व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति प्रणाली की जानकारी ली। साथ ही सोलर प्लांट और जनरेटर (डीजी) की कार्यस्थिति का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने योजना पर तैनात ऑपरेटर से जलापूर्ति के समय और मानदेय के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ऑपरेटर ने बताया कि योजना के तहत नियमित जलापूर्ति की जा रही है और मानदेय का भुगतान भी समय पर मिल रहा है। ग्राम प्रधान नीतू सिंह ने बताया कि कार्यदायी संस्था एनसीसी द्वारा योजना के सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं और गांव के प्रत्येक मजरे व घर तक पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। लाभार्थियों से लिया फीडबैक निरीक्षण के दौरान डीएम ने हिम्मतपुर मजरा में लाभार्थी शिव चरण और माया देवी के घर पहुंचकर नल कनेक्शनों की जांच की। दोनों घरों में पर्याप्त दबाव के साथ जलापूर्ति होती मिली। ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे और दोपहर 3:30 से शाम 5:30 बजे तक नियमित पानी की सप्लाई मिल रही है। उन्होंने पानी की गुणवत्ता और नियमित आपूर्ति पर संतोष भी जताया। जिलाधिकारी ने योजना के संचालन और अनुरक्षण की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता और नियमितता हर हाल में बनी रहनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव, जल निगम के अधिशासी अभियंता रणविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
Source link
डीएम ने पेयजल योजना में खामियां मिलने पर लगाई फटकार:रायबरेली में धनपालपुर शुद्ध पेयजल योजना का निरीक्षण कर दिए गुणवत्ता के निर्देश