![]()
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार से तीन दिन के दौरे पर मथुरा आ रहे हैं। वह रविवार तक ब्रज में रहेंगे और इस दौरान बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, इस्कॉन, राधारमण मंदिर, निधिवन और सेवाकुंज समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया है। पूर्व राष्ट्रपति शुक्रवार दोपहर रुक्मिणी बिहार स्थित एक पांच सितारा होटल पहुंचेंगे। शाम को वह बांके बिहारी मंदिर में करीब आधा घंटा पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद उनका काफिला प्रेम मंदिर जाएगा। यहां से वह धानुका आश्रम पहुंचकर रासलीला देखेंगे और वहीं रात्रि भोजन करेंगे। दूसरे दिन अस्पताल और उद्घाटन कार्यक्रम में होंगे शामिल शनिवार की शुरुआत वह रामकृष्ण मिशन अस्पताल के दौरे से करेंगे, जहां करीब एक घंटे तक रहेंगे। इसके बाद रुक्मिणी बिहार स्थित सिग्नेचर वृंदावन धाम का उद्घाटन करेंगे। शाम को रामकथा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद इस्कॉन मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। रविवार को राधारमण मंदिर और निधिवन जाएंगे दौरे के अंतिम दिन पूर्व राष्ट्रपति ज्ञान गुदरी स्थित वैजयंती आश्रम में कथा वाचक पुंडरीक गोस्वामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राधारमण मंदिर, निधिवन और सेवाकुंज के दर्शन करेंगे। रविवार शाम वह वृंदावन से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। पूर्व राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मंदिरों और उनके पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
Source link
3 दिन मथुरा में रहेंगे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद:आज से वृंदावन दौरा, राधारमण मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों पर जाएंगे