मेरठ में जाम के बहाने पूर्व नौसेना अधिकारी से लूटपाट:जिला अस्पताल से लौटते वक्त हुई वारदात, मोबाइल और 10 हजार रुपये लूटने का आरोप


मेरठ में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत निवासी पूर्व नौसेना अधिकारी ब्रिज मोहन शर्मा ने ई-रिक्शा चालक पर मारपीट व लूटपाट करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि 21 सितंबर को प्यारे लाल जिला अस्पताल से घर लौटते समय ई-रिक्शा चालक उन्हें जाम का बहाना बनाकर सुनसान और सकरी गली में ले गया। वहां उनके साथ लूटपाट की गई और विरोध करने पर उन्हें ई-रिक्शा से धक्का देकर आरोपी फरार हो गया। घटना में उन्हें चोट भी आई। पुलिस ने उनकी डाक्टरी कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ब्रिज मोहन शर्मा भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं और उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिल चुका है। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर की सुबह वह प्यारे लाल जिला अस्पताल आए थे। दोपहर करीब एक बजे अस्पताल से घर जाने के लिए उन्होंने ई-रिक्शा लिया। आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद चालक ने रास्ते में जाम होने की बात कही और ई-रिक्शा को मुख्य मार्ग से हटाकर सकरी गली में ले गया। सुनसान गली में लूटपाट का आरोप
पूर्व नौसेना अधिकारी के मुताबिक, गली सुनसान होने के बाद चालक ने उनके साथ मारपीट की और उनका सामान लूट लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक ने उनका मोबाइल फोन, करीब 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसबीआई डेबिट कार्ड और नौसेना का पहचान पत्र ले लिया। इसके बाद उन्हें ई-रिक्शा से धक्का देकर चालक मौके से फरार हो गया। चोट लगने के बाद परिवार को दी सूचना
ई-रिक्शा से गिरने के कारण ब्रिज मोहन शर्मा को चोटें आईं। घटना के बाद उन्होंने किसी तरह परिवार को सूचना दी। परिजन उन्हें लेकर दोबारा जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया। इसी दौरान पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। सीसीटीवी से चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रास्तों और संभावित घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ई-रिक्शा और चालक की पहचान की जा सके।
एसएचओ अतुल कुमार ने बताया कि पूर्व नौसेना अधिकारी की डाक्टरी करा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *