![]()
बिजनौर में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान औद्योगिक नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया गया, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ सकें। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित विभागीय प्रकरणों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया कि औद्योगिक विकास में गतिशीलता लाने के उद्देश्य से निवेशकों और उद्यमियों के सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता और तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। इससे जनपद का औद्योगिक विकास तेजी से आगे बढ़ सकेगा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बैंकों को निर्देश दिए गए कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की गुणवत्तापूर्वक जांच कर सही प्रकार से स्वीकृत करें, जिससे योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभार्थियों को मिल सके। डीएम ने एमओयू क्रियान्वयन तंत्र की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में हस्ताक्षरित एमओयू को यथाशीघ्र धरातल पर लाने और उन्हें उत्पादनरत बनाने के लिए प्रयास किए जाएं। बैठक के दौरान उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति, सड़क, परिवहन, भूमि आवंटन, बैंक ऋण, प्रदूषण संबंधी अनुमति और अन्य विभागीय समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, उपायुक्त उद्योग अमित कुमार सहित जिले के उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु विकास कुमार अग्रवाल, मुनिश त्यागी, नितिन अग्रवाल और अन्य उद्योग बंधु मौजूद थे।
Source link
डीएम ने की जिला उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक:कहा- निवेश आकर्षित कर रोजगार बढ़ाएं, उद्यमियों की समस्याएं सुलझाएं