![]()
मेरठ में गुरुवार को सीडीओ नूपुर गोयल ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान दफ्तर में कई अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और डीआईओएस से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। सीडीओ ने बताया कि डीएम के आदेश पर यह छापा मारा गया है। जांच में कार्यालय में गंदगी मिली और फाइलें एक कोने में कूड़े की तरह पड़ी थीं। आइजीआरएस रजिस्टर में शिकायतों के निस्तारण की एंट्री तो मिली, लेकिन शिकायतकर्ताओं का फीडबैक दर्ज नहीं था। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मनोज मलिक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। वहीं तीन ऐसे कर्मचारी भी दफ्तर में काम करते मिले, जो दूसरे कॉलेजों के कर्मचारी थे। पूछताछ में कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें डीआईओएस ने अपने कार्यालय में अटैच किया है। इस पर सीडीओ ने कहा कि डीआईओएस को किसी कर्मचारी को अटैच करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है।
Source link
डीआईओएस ऑफिस में सीडीओ का छापा:फाइलें कूड़े की तरह मिलीं, बिना सूचना अधिकारी गायब