डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर 3 लाख की ठगी:कानपुर में शर्तें बदलने पर पीछे हटे कारोबारी, कंपनी के दो लोगों पर FIR


कानपुर के रावतपुर में डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर तीन लाख रुपये लेने और बाद में अनुबंध की शर्तें बदलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद कंपनी ने फोन पर तय शर्तों से अलग एग्रीमेंट भेज दिया। कारोबारी ने अनुबंध पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया और अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर रावतपुर पुलिस ने कंपनी के प्रभारी संजय सिन्हा और कोऑर्डिनेटर शिफा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एग्रीमेंट में बदली मिलीं शर्तें काकादेव के हितकारी नगर निवासी गिरीश चंद्र पांडेय ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि वह आगरा की ईट एन फिट कंपनी का कानपुर में डिस्ट्रीब्यूटर बनना चाहते थे। कंपनी से बातचीत के बाद 4 मई 2026 को उन्होंने कंपनी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में तीन लाख रुपये अग्रिम राशि के तौर पर जमा कर दिए। गिरीश चंद्र का आरोप है कि रकम जमा करने के बाद कंपनी ने उन्हें डिस्ट्रीब्यूटरशिप का अनुबंध भेजा, लेकिन उसमें वे शर्तें नहीं थीं, जिन पर पहले फोन पर सहमति बनी थी। उन्होंने कंपनी से कहा कि पहले तय हुई शर्तों के अनुसार ही एग्रीमेंट तैयार किया जाए, लेकिन कंपनी ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने डिस्ट्रीब्यूटर बनने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई। पैसे मांगे तो नहीं लौटाई रकम शिकायतकर्ता का कहना है कि अनुबंध रद्द करने के बाद उन्होंने कंपनी से अपने तीन लाख रुपये वापस मांगे। कंपनी की ओर से पैसे लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन करीब एक महीने तक रकम वापस नहीं की गई। कई बार संपर्क करने के बाद भी जब पैसा नहीं मिला तो उन्होंने कंपनी के प्रभारी संजय सिन्हा और कोऑर्डिनेटर शिफा के खिलाफ पुलिस आयुक्त से शिकायत की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर दर्ज हुई FIR शिकायत के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर रावतपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब बैंक में जमा की गई रकम के रिकॉर्ड, कंपनी के साथ हुए अनुबंध, दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *