![]()
मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से लापता हुए 14 वर्षीय किशोर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बागपत से सकुशल बरामद कर लिया। किशोर की तलाश में जुटी पुलिस को सबसे अहम सुराग तब मिला, जब उसने बागपत में एक परिचित के घर का वाई-फाई इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम और स्नैपचैट चलाया। तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंच गई। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुमन विहार (जाट कॉलोनी) का है। 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे दीपक शर्मा ने अपने नाबालिग बेटे के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी से मिला पहला सुराग एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा के निर्देशन में स्टेडियम चौकी प्रभारी अरुण चाहर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सबसे पहले आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि किशोर पढ़ाई को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकला था। फुटेज में वह रिक्शे से रोडवेज बस स्टैंड जाते हुए दिखाई दिया, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। वाई-फाई से सोशल मीडिया चलाना बना सुराग पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह बस से बागपत पहुंच गया था और वहां अपने दोस्त के दोस्त की मौसी के बेटे के घर ठहरा था। इसी दौरान उसने घर के वाई-फाई का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम और स्नैपचैट चलाया। सोशल मीडिया गतिविधियों से मिले तकनीकी इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंचने में सफल रही। सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा पुलिस टीम ने बागपत पहुंचकर किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह किसी के बहकावे में नहीं आया था, बल्कि घर में डांट पड़ने के बाद नाराज होकर चला गया था। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित लौटने पर परिवार ने राहत जताई और पुलिस की त्वरित कार्रवाई व तकनीकी जांच की सराहना की।
Source link
डांट से नाराज होकर घर छोड़ने वाला किशोर बरामद:इंस्टाग्राम-स्नैपचैट से मिली लोकेशन, बागपत में वाई-फाई चलाते ही पुलिस ने किया ट्रेस