डफरिन अस्पताल ने 700 ग्राम के नवजात को बचाया:चिकित्सकों की टीम ने दिया नया जीवन, डीएम ने सराहा


प्रयागराज के डफरिन अस्पताल (जिला महिला अस्पताल) के चिकित्सकों ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल की टीम ने 700 ग्राम से कम वजन वाले एक नवजात शिशु को विशेष देखभाल और उपचार देकर नया जीवन प्रदान किया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने इस सफलता पर चिकित्सकों की टीम की सराहना की है। यह मामला जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के दौरान सामने आया, जहां डफरिन अस्पताल की अधीक्षिका डॉ. सुनीता सागर ने इस चुनौतीपूर्ण उपलब्धि को साझा किया। उन्होंने बताया कि ‘बेबी ऑफ सोनिया’ नामक इस नवजात का वजन 700 ग्राम से भी कम था, जिसे एनआईसीयू (NICU) में गहन चिकित्सा और विशेष देखभाल की आवश्यकता थी। चिकित्सकों की दक्षता और समर्पण से यह जटिल मामला सफल हो सका। इस सफल उपचार में डॉ. प्रवीण कुमार यादव, डॉ. इसरार अहमद, डॉ. अरुण कुमार सिंह और नर्सिंग स्टाफ धीरेंद्र कुमार सिंह, विजय कुमार व रीना मिश्रा की भूमिका महत्वपूर्ण रही। नीम सराय निवासी नवजात के परिजनों ने डफरिन अस्पताल के चिकित्सकों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह डफरिन अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक भविष्य में भी इसी समर्पण भाव से गंभीर मामलों में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराएंगे। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में, जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षकों से उनके केंद्रों पर किए जा रहे नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा, ताकि आमजन को उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाओं की जानकारी मिल सके और वे उनका लाभ उठा सकें। डफरिन अस्पताल में उपलब्ध मुख्य सुविधाएं
अधीक्षिका ने जानकारी दी कि डफरिन अस्पताल में 24 घंटे सामान्य व सिजेरियन डिलीवरी के साथ ही लैप्रोस्कोपिक फीमेल स्टर्लाइजेशन, मिनी लैप, एमटीपी, आईयूसीडी, पीपीआईयूसीडी, सीपैप और एसएनसीयू (SNCU) जैसी आधुनिक सुविधाएं मरीजों के लिए उपलब्ध हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *