![]()
भदोही में मोबाइल टावरों पर लोगों के चढ़ने की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को गोपीगंज थाने में मोबाइल टावर मालिकों और ऑपरेटरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ज्ञानपुर क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा और प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज ने की। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित इस बैठक में जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने हाल के दिनों में मोबाइल टावरों पर लोगों के चढ़ने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए इन्हें रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। बैठक में सभी टावर स्वामियों एवं ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए कि मोबाइल टावर परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। टावरों के चारों ओर लगी कंटीले तारों की घेराबंदी की नियमित जांच कर उसे दुरुस्त रखा जाए, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति परिसर में प्रवेश न कर सके। इसके अलावा अधिकारियों ने निर्देशित किया कि टावरों की सीढ़ियों के निचले हिस्से पर मजबूत ताला लगाया जाए, जिससे कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति टावर पर न चढ़ सके। सभी टावर परिसरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और कार्यशील सीसीटीवी कैमरे सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस ने टावर संचालकों से सुरक्षा गार्डों की तैनाती करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि इन सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा और जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
Source link
टावरों पर चढ़ने की घटनाओं को रोकने को लेकर बैठक:भदोही में सीओ ने संचालकों को सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश