झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्र बोले-सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया:JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में 5 और गिरफ्तार, अब तक 19 आरोपी पकड़ाए


झारखंड में JPSC समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच तेज हो गई है। CID ने पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच SIT कर रही है और डिजिटल रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेजों की जांच जारी है। इधर, छात्रों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से बातचीत का प्रस्ताव मिला है। सरकार ने छात्रों से बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी बनाई है। हालांकि छात्रों ने बंद कमरे में बातचीत से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि बातचीत सार्वजनिक मंच पर छात्रों के बीच होगी और सीएम सोरेन खुद बातचीत करें। रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में 13 दिन से छात्र आंदोलन कर रहे हैं। 7 से ज्यादा प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं। इनमें छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने 2 अगस्त से अन्न-जल छोड़ रखा था। छात्र क्यों कर रहे हैं आंदोलन 2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था। इसमें 2,204 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए। इसके बाद 18 से 20 जुलाई के बीच मेंस परीक्षा होनी थी। रिजल्ट आने के बाद कई उम्मीदवारों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए। उनका कहना था कि कट-ऑफ जारी नहीं की गई। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक उम्मीदवार की कथित OMR शीट वायरल हुई। दावा किया गया कि उसने सिर्फ 48 सवाल हल किए, फिर भी वह मेंस के लिए चुन लिया गया। वहीं, रिजल्ट पर आयोग के अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं होने को लेकर भी सवाल उठे। विवाद बढ़ने के बाद JPSC ने मेंस परीक्षा रद्द कर दी। छात्रों की क्या मांगें हैं छात्र आंदोलन से जुड़ कल के बड़े अपडेट्स मुख्यमंत्री की वार्ता का संदेश लेकर एसडीओ कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने छात्रों को सीएम का संदेश दिया। सीएम ने छात्रों से बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी बनाई। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव को शामिल किया गया है। सीएम ने बुधवार दोपहर अपने आवास पर इन मंत्रियों के साथ बैठक की। इसमें छात्रों से बातचीत पर चर्चा हुई। इसके बाद छात्र नेताओं को बातचीत का बुलावा भेजा गया। लेकिन वार्ता पर सहमति नहीं बन सकी। सोनम वांगचुक ने देवेंद्र से वीडियो कॉल पर बात की। उनकी अपील पर देवेंद्र नाथ महतो ने पानी पिया, लेकिन कहा कि उनका अनशन जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *