झांसी में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय पर तीसरी FIR:जमीन कारोबारी बोला- पिस्टल तानकर 45 हजार लूटे, 50 लाख रंगदारी मांगी


झांसी में आईपीएल मैच में सट्‌टा खिलाने के आरोप में गिरफ्तार हुए भाजपा नेता आशीष उपाध्याय की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। लगभग 12 दिनों के अंदर उसके खिलाफ तीसरी एफआईआर दर्ज हो गई है। अब एक जमीन कारोबारी ने आरोप लगाया कि आशीष उपाध्याय, उसके करीबी मंगलम दुबे समेत 4 लोगों ने पिस्टल-राइफल तानकर 45 हजार रुपए लूट लिए। साथ ही 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। नहीं देने पर उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना 18 अप्रैल 2026 की है। कारोबारी ने लगभग एक महीने बाद बुधवार को प्रेमनगर थाने में FIR कराई। बुधवार को ही आशीष उपाध्याय जेल से जमानत पर रिहा हुआ। जेल से बाहर निकलते ही सीपरी बाजार पुलिस ने सट्‌टे के दूसरे मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया था। अब तीसरा केस दर्ज होने से उसकी मुश्किलें और बढ़ गई। 5 साल पहले किया था एग्रीमेंट सीपरी बाजार के खोडन निवासी जमीन कारोबारी उधम सिंह ने पुलिस को बताया कि 2021 में उसने एक जमीन का एग्रीमेंट आशीष उपाध्याय और उसके भाई आलोक उपाध्याय के साथ किया था। आरोपियों ने जमीन के प्लॉट काटकर बेच दिए। कई प्लॉट अपने नाम करा लिए। जब भुगतान के लिए उनकी ओर से चेक दिए गए, तब वह बाउंस हो गए। पीड़ित का आरोप है 18 अप्रैल की शाम सामान खरीदने बाइक से इलाइट चौराहा जा रहा था, तभी नैनागढ़ के पास गौड़ बाबा मंदिर पहुंचने पर सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में सवार आशीष उपाध्याय, मंगलम दुबे ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उसे रोक लिया। उसके साथ गाली गलौज करने लगे। आशीष उपाध्याय ने लाइसेंसी पिस्टल निकालकर धमकाते हुए कहा कि चेक बाउंस हो जाने के बाद से वह झांसी में उसकी बदनामी कर रहा है। इसके एवज में 50 लाख की रंगदारी मांगी। उन लोगों ने तुरंत रुपए न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। आशीष ने पिस्टल के सहारे उसकी पैंट की जेब से 45 हजार रुपए निकाल लिए। मंगलम ने अपनी राइफल दिखाकर उसे धमकाया। आरोपी अपनी राजनीतिक पकड़ का हवाला देते हुए धमकाया और फिर चले गए। पीड़ित का कहना है कि आशीष के ऊंचे राजनीतिक रसूख के चलते उसने किसी से शिकायत नहीं की। अब उसके जेल जाने के पर हिम्मत करके थाने पहुंचा। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके मामले की विवेचना शुरू करा दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *