झांसी में पार्षद ने सड़क पर खोली दुकान:बोले- नगर निगम अधिकारी नहीं कर पा रहे अतिक्रमण का स्थायी समाधान, तो हमने भी कर लिया कब्जा


झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा बाजार में अतिक्रमण और जाम की समस्या के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय पार्षद संजीव गुप्ता ने अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क के बीचोंबीच जूता-चप्पल और कपड़ों की दुकान सजा ली और नगर निगम से अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई। पार्षद संजीव गुप्ता का कहना है कि बड़ा बाजार में हर दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना तो दूर, राहगीर वहां से निकलने में भी कतराते हैं। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण दुकानदारों और ठेला संचालकों द्वारा किया जा रहा अतिक्रमण है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीम समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पहुंचती है, लेकिन अधिकारियों के जाते ही दोबारा सड़क और दुकानों के सामने कब्जा हो जाता है। पार्षद के मुताबिक व्यापारी अपनी दुकानों के आगे तीन फीट तक सामान बढ़ाकर रख लेते हैं। यदि कोई दुकानदार ऐसा नहीं करता तो उसकी दुकान के सामने ठेला संचालक छह फीट आगे तक कब्जा कर लेते हैं। पार्षद ने कहा कि नगर निगम इस समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बाजार में लगने वाले जाम से राहगीरों और ग्राहकों को परेशानी होती है। इसके अलावा इसी मार्ग से समय-समय पर धार्मिक यात्राएं भी निकलती हैं, जिनके दौरान भी लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, “मैंने भी यहां दुकान लगा ली है। जब कोई अधिकारी आएगा तो दुकान हटा लूंगा और उनके जाते ही फिर से लगा लूंगा।” हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना और अतिक्रमण की समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है, ताकि इसका स्थायी समाधान निकल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *